कोडिन युक्त कफ सिरप के साथ चार तस्कर गिरफ्तार, 100 बोतल बरामद।

रानीगंज में विशेष समकालीन अभियान के तहत रानीगंज पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कोडिन युक्त कफ सिरप के साथ चार लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से 100 बोतल कफ सिरप, एक मारुति अल्टो कार एवं चार मोबाइल फोन जब्त किए हैं।
जानकारी के अनुसार, 20 अप्रैल 2026 की रात पुलिस टीम वाहन चेकिंग के लिए रानीगंज-भरगामा रोड स्थित सरवाहा पुल पर तैनात थी। इसी दौरान गुप्त सूचना मिली कि अररिया की ओर से एक मारुति अल्टो कार (BR07AK5726) में सवार चार व्यक्ति कोडिन युक्त कफ सिरप लेकर जदिया (सुपौल) की ओर जा रहे हैं।

सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस ने वाहन चेकिंग शुरू की। कुछ देर बाद संदिग्ध कार को रोकने का इशारा किया गया, लेकिन चालक ने भागने की कोशिश की। पुलिस बल की तत्परता से चारों आरोपियों को मौके पर ही पकड़ लिया गया।
तलाशी के दौरान कार में रखे बोरे से 100 बोतल (प्रत्येक 100 एमएल) कोडिन युक्त कफ सिरप बरामद किया गया। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे कफ सिरप का उपयोग नशे के रूप में करते हैं और इसका अवैध कारोबार करते हैं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रदीप कुमार (25), सौरभ कुमार (21), भजन कुमार (23) एवं पुष्प राज कुमार (24) के रूप में हुई है, जो सभी सुपौल जिले के निवासी हैं।
पुलिस ने बरामद सामग्री एवं वाहन को जब्त कर लिया है और चारों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
