नवाचारी शिक्षिका कुमारी अनु साह को फिर मिला सम्मान, शिक्षा क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्यों की सराहना

अररिया: जिले की चर्चित नवाचारी एवं समर्पित शिक्षिका कुमारी अनु साह को एक बार फिर उनके उत्कृष्ट शैक्षणिक योगदान के लिए सम्मानित किया गया है। टीबीटी मंच की ओर से फारबिसगंज स्थित डाइट (जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान) के प्रांगण में आयोजित एक समारोह के दौरान उन्हें यह सम्मान प्रदान किया गया। इस अवसर पर फारबिसगंज के विधायक मनोज विश्वास ने अपने हाथों से उन्हें सम्मानित किया।
समारोह में शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार और गुणवत्तापूर्ण शिक्षण पद्धति को बढ़ावा देने पर विशेष चर्चा की गई। कुमारी अनु साह को यह सम्मान बच्चों के सर्वांगीण विकास, नई शिक्षण विधियों के प्रयोग और शिक्षा को रोचक बनाने के प्रयासों के लिए दिया गया। उनके द्वारा किए जा रहे कार्यों की वजह से वे विद्यार्थियों के बीच काफी लोकप्रिय हैं और उनकी कक्षाएं बच्चों के लिए प्रेरणादायक मानी जाती हैं।
कुमारी अनु साह की उपलब्धियों की सूची काफी लंबी है। इससे पहले भी उन्हें राज्य स्तर और राज्य के बाहर विभिन्न मंचों पर सम्मानित किया जा चुका है। उनकी उत्कृष्ट सेवाओं को देखते हुए अररिया के जिलाधिकारी (डीएम) और जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) द्वारा भी कई बार उन्हें सम्मानित किया जा चुका है।
शिक्षा के क्षेत्र में उनके लगातार नवाचार और समर्पण ने न केवल जिले का नाम रोशन किया है, बल्कि अन्य शिक्षकों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बना है। समारोह में मौजूद शिक्षकों, जनप्रतिनिधियों और गणमान्य लोगों ने उनके कार्यों की सराहना करते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
