बरबन्ना हाट की बन्दोबस्ती में रिकॉर्ड बढ़ोतरी, नगर पंचायत को 69.25% अधिक राजस्व।

गुरुवार को नगर पंचायत रानीगंज के अंतर्गत प्रसिद्ध बरबन्ना हाट की बन्दोबस्ती प्रक्रिया इस वर्ष रिकॉर्ड वृद्धि के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हो गई। वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए हाट की बोली ₹1 करोड़ 5 लाख 19 हजार पर तय हुई है, जो पिछले वर्ष की तुलना में 69.25 प्रतिशत अधिक है।जानकारी के अनुसार, पिछले वित्तीय वर्ष 2025-26 में इस हाट की बन्दोबस्ती ₹62 लाख 15 हजार में हुई थी। इस बार पारदर्शी “खुली डाक” प्रक्रिया और कड़ी प्रतिस्पर्धा के कारण बोली में उल्लेखनीय उछाल दर्ज किया गया।बन्दोबस्ती प्रक्रिया के दौरान प्रथम एवं द्वितीय उच्चतम बोलीदाताओं द्वारा समय-सीमा में राशि जमा नहीं करने पर नियमानुसार तृतीय उच्चतम बोलीदाता संतोष यादव को मौका दिया गया। उन्होंने 02 अप्रैल को निर्धारित राशि एवं अतिरिक्त शुल्क सरकारी कोष में जमा कर दिया।

इसके बाद सशक्त स्थायी समिति (ESC) ने सर्वसम्मति से उनके नाम पर बन्दोबस्ती की पुष्टि करते हुए वसूली के लिए परवाना जारी करने का निर्णय लिया।कार्यपालक पदाधिकारी सचिन कुमार ने बताया कि प्रक्रिया पूर्ण होने तक राजस्व नुकसान से बचाव के लिए हाट का संचालन विभागीय स्तर पर किया जा रहा था। अब बन्दोबस्ती पूर्ण होने के बाद चयनित एजेंसी को जिम्मेदारी सौंप दी गई है।नगर पंचायत प्रशासन ने इस पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी बताते हुए कहा कि इससे न केवल राजस्व में वृद्धि हुई है, बल्कि स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को भी बढ़ावा मिला है।
