गर्भवती महिला की निर्मम हत्या से दहला मोहनी पंचायत, ससुर पर गंभीर आरोप।

मृतका की पहचान 22 वर्षीय शिव ज्योति कुमारी के रूप में हुई है, जो विक्की ऋषिदेव की पत्नी थीं। बताया जा रहा है कि वह गर्भवती थीं और उनके गर्भ में पल रहे बच्चे के साथ ही उनकी भी हत्या कर दी गई।
मृतका के मायके वालों ने इस जघन्य हत्या के पीछे उसके ससुर सिवन ऋषिदेव को जिम्मेदार ठहराया है। मृतका की मां संजू देवी (पति अजय ऋषिदेव), निवासी महसैली पंचायत मिर्जापुर, ने आरोप लगाया कि सिवन ऋषिदेव शराब के नशे में अक्सर विवाद करता था। घटना वाले दिन भी उसने गला दबाकर उनकी बेटी की हत्या कर दी।
परिजनों के अनुसार, घटना से एक दिन पहले शाम में मृतका से फोन पर बात हुई थी, जिसमें उसने सब कुछ सामान्य बताया था। लेकिन अगले दिन फोन रिसीव नहीं हुआ और कुछ देर बाद स्थानीय लोगों से हत्या की सूचना मिली।
घटना की जानकारी मिलते ही बौंसी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। साथ ही फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। थानाध्यक्ष अरविंद कुमार ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। बताया जा रहा है कि मृतका का पति विक्की ऋषिदेव पंजाब में मजदूरी करता है।
इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है।
