रानीगंज में बड़ी कार्रवाई: घर से 17.38 ग्राम स्मैक व ₹14,210 बरामद, आरोपी फरार

रानीगंज (अररिया): सुखा नशा के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत रानीगंज थाना पुलिस ने शनिवार की शाम एक बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम हाँसा के पुआरी राम टोला वार्ड संख्या 10 स्थित एक घर में छापेमारी कर स्मैक व नगद राशि बरामद की। हालांकि मुख्य आरोपी मौके से फरार होने में सफल रहा।थानाध्यक्ष धर्मेन्द्र कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम शाम करीब 6:30 बजे गश्ती व वाहन जांच कर रही थी, तभी गुप्त सूचना मिली कि शमशेर बैठा अपने घर में स्मैक रखकर बिक्री कर रहा है। सूचना के आधार पर वरीय पदाधिकारी को अवगत कराते हुए प्रखंड विकास पदाधिकारी को दंडाधिकारी के रूप में तथा ज्वेलरी दुकानदार राहुल कुमार को इलेक्ट्रॉनिक तराजू सहित छापेमारी दल में शामिल किया गया। इसके बाद करीब 7:15 बजे पुलिस टीम ने उसके घर पर छापेमारी की।

पुलिस को देखते ही एक व्यक्ति घर से भाग निकला, जिसे पकड़ने का प्रयास किया गया, लेकिन अंधेरे का फायदा उठाकर वह फरार हो गया। बाद में उसकी पहचान शमशेर बैठा के रूप में की गई।तलाशी के दौरान पुलिस ने किचन में छिपाकर रखे गए करीब 17.38 ग्राम स्मैक, सिल्वर रैपर तथा स्मैक बिक्री से जुड़े ₹14,210 नकद बरामद किए। मौके पर मौजूद आरोपी के पिता ने बताया कि यह सभी सामान उसके पुत्र शमशेर बैठा का है, जो स्मैक बेचने का काम करता है।
पुलिस ने बरामद सामग्री को जब्त कर लिया है और आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
