निर्मली नगर पंचायत में जन वितरण प्रणाली विक्रेताओं की आवश्यक बैठक आयोजित

सुपौल, निर्मली। निर्मली नगर पंचायत के जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) विक्रेताओं की एक आवश्यक बैठक अनुमंडल पदाधिकारी श्री धीरज कुमार सिन्हा की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में नगर पंचायत क्षेत्र के सभी जन वितरण प्रणाली विक्रेता उपस्थित रहे।बैठक के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी ने सभी पीडीएस विक्रेताओं को निर्देश दिया कि अपने-अपने लाभुकों की शत-प्रतिशत पहचान आधार कार्ड से सीडिंग कर सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि आधार सीडिंग का कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण किया जाए तथा इसकी अद्यतन रिपोर्ट जन वितरण प्रणाली अधिकारी को अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराई जाए।इसके साथ ही अनुमंडल पदाधिकारी ने अनाज के उठाव और वितरण की प्रक्रिया में पूरी पारदर्शिता बनाए रखने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनियमितता पाए जाने पर संबंधित विक्रेता के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।बैठक में जन वितरण प्रणाली के सुचारु संचालन, लाभुकों को समय पर एवं सही मात्रा में खाद्यान्न उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया। प्रशासन ने विक्रेताओं से सहयोग की अपेक्षा जताते हुए कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक ईमानदारी से पहुंचाना सभी की जिम्मेदारी है।
