किशनपुर थाना क्षेत्र से 92.955 किलोग्राम गांजा बरामद, एक स्कॉर्पियो वाहन जब्त
सुपौल।
जिले में मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत किशनपुर थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने किशनपुर थाना क्षेत्र से 92.955 किलोग्राम गांजा एवं एक स्कॉर्पियो वाहन बरामद किया है।सुपौल पुलिस द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, जिला स्तरीय नशा विरोधी अभियान के क्रम में गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई की गई। सूचना के सत्यापन के बाद किशनपुर थाना अध्यक्ष के नेतृत्व में त्वरित कार्रवाई करते हुए ग्राम शर्बतीहा वार्ड संख्या-14 से कुल 5 प्लास्टिक बोरा में रखे 92.955 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। साथ ही तस्करी में प्रयुक्त एक स्कॉर्पियो वाहन भी जब्त किया गया।
इस संबंध में किशनपुर थाना कांड संख्या-11/2026 दिनांक 18.01.2026 दर्ज कर आगे की विधि-सम्मत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस द्वारा बरामद गांजा के बैकवर्ड एवं फॉरवर्ड लिंक की भी जांच की जा रही है, ताकि तस्करी के नेटवर्क का खुलासा किया जा सके।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नशे के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और इसमें संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
