गणतंत्र दिवस मुख्य समारोह की तैयारियों का लिया गया जायजा

सुपौल।
सुपौल जिला में गणतंत्र दिवस के मुख्य समारोह का आयोजन इस वर्ष गांधी मैदान में किया जाना निर्धारित है। इसी क्रम में मुख्य समारोह स्थल की तैयारियों का जायजा अनुमंडल पदाधिकारी, सुपौल सदर श्री इंद्रवीर कुमार एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सुपौल श्री शिवेंद्र कुमार अनुभवी द्वारा लिया गया।निरीक्षण के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ने पूरे गांधी मैदान का भ्रमण किया और संबंधित विभागों को समय पर समारोह स्थल तैयार करने के लिए आवश्यक निर्देश दिए। निरीक्षण के क्रम में गांधी मैदान स्थित मुख्य स्टेज की मरम्मती एवं रंग-रोगन की आवश्यकता महसूस की गई, जिस पर अनुमंडल पदाधिकारी ने भवन निर्माण विभाग के सहायक अभियंता को आवश्यकतानुसार मरम्मती एवं रंग-रोगन कार्य शीघ्र पूरा करने का निर्देश दिया। इसके साथ ही मुख्य कार्यक्रम स्थल पर बैरिकेडिंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी भवन निर्माण विभाग को दिए गए।नगर परिषद के पदाधिकारी एवं कर्मियों को गांधी मैदान की साफ-सफाई सुनिश्चित करने तथा इसके लिए अभी से ही पर्याप्त संख्या में कर्मियों की प्रतिनियुक्ति करने का निर्देश दिया गया। बताया गया कि गांधी मैदान में गणतंत्र दिवस समारोह के अवसर पर परेड के साथ-साथ विभिन्न विभागों की झांकियां भी प्रदर्शित की जाएंगी। इसे ध्यान में रखते हुए अनुमंडल पदाधिकारी ने नगर परिषद को जेसीबी मशीन के माध्यम से मैदान का समुचित समतलीकरण कराने तथा आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त मिट्टी डालने का निर्देश दिया।इसके अतिरिक्त पथ निर्माण विभाग को निर्देश दिया गया कि वह अपने स्तर से रोड रोलर की सहायता से गुणवत्तापूर्ण समतलीकरण कार्य सुनिश्चित करे, ताकि परेड के दौरान पुलिसकर्मियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और आम दर्शकों के बीच विभिन्न विभागों द्वारा तैयार की गई झांकियों का सुचारू एवं सुविधाजनक ढंग से प्रदर्शन किया जा सके।वहीं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ने पुलिस लाइन के पदाधिकारियों एवं कर्मियों को परेड की पूर्व तैयारी नियमित रूप से करने तथा 24 जनवरी को आयोजित होने वाले फुल ड्रेस रिहर्सल के लिए सभी आवश्यक तैयारियां समय से पूर्ण करने का निर्देश दिया।निरीक्षण के दौरान सहायक अभियंता, भवन निर्माण विभाग श्री ऋषभ कुमार, पथ निर्माण विभाग के सहायक अभियंता, नगर परिषद तथा पुलिस लाइन के पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।
