पीएम सूर्यघर योजना के तहत अररिया में सोलर लोन मेला आयोजित, कम ब्याज पर ऋण व सब्सिडी की जानकारी।
अररिया, 16 अप्रैल 2026। प्रधानमंत्री सूर्यघर: मुफ्त बिजली योजना के तहत सोलर पैनल अधिष्ठापन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से अररिया समाहरणालय परिसर स्थित डी.आर.डी.ए. सभागार में सोलर लोन मेला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन उप विकास आयुक्त रोजी कुमारी ने दीप प्रज्वलित कर किया।

इस अवसर पर विद्युत कार्यपालक अभियंता गौरव कुमार, फारबिसगंज के विद्युत कार्यपालक अभियंता राजेश प्रियदर्शी, वरीय उप समाहर्ता चंद्रशेखर यादव एवं एलडीएम इंदु शेखर सहित बिजली विभाग के अधिकारी और विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
मेले में बैंकों द्वारा योजना के तहत उपलब्ध ऋण की विस्तृत जानकारी दी गई। बताया गया कि उपभोक्ताओं को 6 प्रतिशत से भी कम ब्याज दर पर लोन दिया जा रहा है, जिससे लोग सौर ऊर्जा अपनाने के लिए प्रेरित हो सकें।

विद्युत कार्यपालक अभियंता गौरव कुमार ने बताया कि इच्छुक घरेलू उपभोक्ता पीएम सूर्य पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। वेंडर चयन के बाद पीएम जन समर्थ पोर्टल के माध्यम से लोन के लिए आवेदन करने की सुविधा भी उपलब्ध है।
मेले के दौरान पूर्व में अस्वीकृत आवेदनों की भी समीक्षा की गई और संबंधित अभ्यर्थियों से आवश्यक दस्तावेज प्राप्त कर पुनः लोन स्वीकृति की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए गए।
योजना के तहत 1 किलोवाट पर 30 हजार रुपये, 2 किलोवाट पर 60 हजार रुपये और 3 किलोवाट या उससे अधिक क्षमता पर 78 हजार रुपये तक की सब्सिडी प्रदान की जा रही है। इस पहल से न केवल उपभोक्ताओं को सस्ती और स्वच्छ ऊर्जा मिलेगी, बल्कि पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।
