रानीगंज के गुणवंती-रजवैली में आगलगी, कई घर जलकर राख।
रानीगंज प्रखंड क्षेत्र के अंतर्गत गुणवंती-रजवैली, वार्ड संख्या-11 में आगलगी की घटना सामने आई है, जिसमें कई परिवारों का आशियाना पल भर में राख हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गृहस्वामी जितनी देवी (पति-विद्यानंद ऋषि), लीला देवी (पति-उपेंद्र ऋषि), लखीया देवी (पति-प्रमोद ऋषि) समेत अन्य लोगों के घरों में अचानक आग लग गई। आग इतनी भीषण थी कि घर में रखा सारा सामान—अनाज, कपड़े, चौकी, किवाड़, साइकिल सहित अन्य जरूरी वस्तुएं—जलकर पूरी तरह नष्ट हो गईं।

इस घटना में गौरी देवी का घर भी आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हो गया है। आग लगने के कारणों का अब तक स्पष्ट पता नहीं चल सका है, लेकिन स्थानीय लोगों के अनुसार आग तेजी से फैल गई, जिससे बचाव का मौका नहीं मिल सका।
घटना की सूचना मिलने पर पंचायत समिति सदस्य धीरेन्द्र राय मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवारों से मिलकर उनका हाल जाना। उन्होंने पीड़ितों को भरोसा दिलाया कि सरकारी स्तर पर मुआवजा और हर संभव सहायता दिलाई जाएगी।
पीड़ित परिवारों ने प्रशासन से जल्द से जल्द राहत सामग्री और आर्थिक मदद उपलब्ध कराने की मांग की है, ताकि वे इस संकट की घड़ी से उबर सकें।
