बीच सड़क युवक की सिर काटकर हत्या, आक्रोशित भीड़ ने आरोपी को पीट-पीटकर मार डाला।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 10 बजे सत्तू बेचने वाला ठेला चालक और पिकअप चालक के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि सत्तू विक्रेता ने धारदार हथियार से हमला कर पिकअप चालक का सिर धड़ से अलग कर दिया। घटना के बाद सड़क पर काफी देर तक शव और सिर अलग-अलग पड़े रहे, जिससे आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैल गई।
मृतक की पहचान 42 वर्षीय अली हुसैन, निवासी अमोना गांव, थाना जोगबनी के रूप में हुई है। घटना के बाद आरोपी मौके से भागकर एक घर में छिप गया। उधर, घटना से आक्रोशित लोगों ने उसे खोज निकाला और बाहर खींचकर बेरहमी से पीट-पीटकर मार डाला। आरोपी की पहचान 30 वर्षीय रवि चौहान, निवासी सुल्तान पोखर, फारबिसगंज के रूप में हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने में जुट गई। एसपी जितेंद्र कुमार ने घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जानकारी ली। इलाके में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है।
पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुटी है तथा आगे की कार्रवाई की जा रही है।
