रानीगंज के आवासीय विद्यालय में भव्य कार्यक्रम, छात्राओं को मिली नई प्रेरणा।
रानीगंज। अति पिछड़ा कन्या आवासीय उच्च विद्यालय +2 रानीगंज में नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत के अवसर पर छात्राओं के उत्साहवर्धन हेतु एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सांसद प्रदीप कुमार सिंह उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में सांसद ने कहा कि शिक्षा समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का सबसे सशक्त माध्यम है। उन्होंने छात्राओं को मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास के जरिए अपने लक्ष्य प्राप्त कर
ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि आज बेटियां हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं और ऐसे विद्यालय उनके सपनों को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। साथ ही छात्राओं से आत्मनिर्भर बनने और समाज में मिसाल कायम करने का आह्वान किया।इस अवसर पर सांसद ने विद्यालय परिसर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और विद्यालय प्रशासन की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम छात्राओं में नई ऊर्जा और सकारात्मक सोच का संचार करते हैं।
कार्यक्रम में प्रधानाध्यापक जितेंद्र कुमार सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। प्रमुख उपस्थित लोगों में भाजपा जिला महामंत्री सुमन झा, नगर अध्यक्ष सुमन झा, जदयू नेता रितेश ठाकुर सरदार समेत अन्य लोग शामिल थे।
कार्यक्रम के दौरान आयोजित प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को सम्मानित किया गया। आकृति कुमार ने प्रथम, प्रतिभा राज ने द्वितीय तथा नूतन रानी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया, जबकि वर्षा कुमारी को विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
अंत में विद्यालय परिवार ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया और छात्राओं को शिक्षा के प्रति निरंतर प्रेरित करने का संकल्प लिया। यह कार्यक्रम छात्राओं के लिए प्रेरणादायक साबित हुआ और उनके उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
