रानीगंज प्रखंड में डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती पर गूंजा “जय भीम”
रानीगंज प्रखंड परिसर में मंगलवार को डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती श्रद्धा, उत्साह और गरिमामय वातावरण में मनाई गई। इस दौरान पूरा परिसर “जय भीम” और “अंबेडकरवाद जिंदाबाद” के नारों से गूंज उठा।
कार्यक्रम में स्थानीय विधायक अविनाश मंगलम, राजद प्रखंड अध्यक्ष चंदन कुमार सिंह तथा मुख्य पार्षद प्रतिनिधि मनोज पासवान समेत कई जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों और समाजसेवियों ने बाबा साहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर SC/ST कर्मचारी संघ, रानीगंज की सक्रिय भागीदारी रही। संघ के अध्यक्ष पवन कुमार पासवान, सचिव अरुण कुमार पासवान, कोषाध्यक्ष संजय कुमार रजक, उपाध्यक्ष संतोष कुमार बैठा और संयुक्त सचिव संजय कुमार राम व अनिल कुमार राम सहित अन्य पदाधिकारियों ने आयोजन में अहम भूमिका निभाई।
सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने बाबा साहेब के संघर्षपूर्ण जीवन और संविधान निर्माण में उनके योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब ने वंचित और शोषित वर्गों को अधिकार दिलाने के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया।
वक्ताओं ने युवाओं से शिक्षा को प्राथमिकता देने और समाज में समानता व भाईचारे की भावना को मजबूत करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का समापन बाबा साहेब के आदर्शों पर चलने के संकल्प के साथ हुआ।
