हाइवा-ऑटो की भीषण टक्कर में एक की मौत, बच्ची समेत पांच गंभीर।

रानीगंज। मंगलवार की देर शाम रानीगंज-सरसी एसएच-77 पर वाई एनपी कॉलेज और पेट्रोल पंप के समीप एक भीषण सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि एक बच्ची समेत पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
मृतक की पहचान रानीगंज थाना क्षेत्र के विस्टोरिया पंचायत अंतर्गत डुमरिया गांव निवासी मोहम्मद अनवार (39) पिता हसीब के रूप में हुई है। वहीं घायलों में शाहजहां (35), मैमून (30), तस्बीर (40), अलीसा (5) और नाजिया (25) शामिल हैं, सभी डुमरिया गांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं।

मिली जानकारी के अनुसार, सभी लोग मंगलवार को इलाज के लिए ऑटो से पूर्णिया गए थे और देर शाम वापस अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान रानीगंज-सरसी मार्ग पर पेट्रोल पंप के पास ऑटो चालक ने सामने चल रही हाइवा में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ऑटो सवार सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही रानीगंज थाना के एएसआई गौरी शंकर यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और सभी घायलों को इलाज के लिए रानीगंज रेफरल अस्पताल पहुंचाया। वहां मौजूद चिकित्सक डॉ. राजू कुमार ने प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल अररिया रेफर कर दिया।
सदर अस्पताल में इलाज के दौरान मोहम्मद अनवार की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है।
थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
