रानीगंज/अररिया – रानीगंज सरसी मार्ग पर काला बलुआ चौक से पहले गैस एजेंसी के समीप रविवार की देर शाम अज्ञात वाहन की चपेट में आने से करीब 28 वर्षीय एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान चंपावती पंचायत के बालू टोल निवासी मिथिलेश कुमार पोद्दार (पिता – श्रावण पोद्दार) के रूप में हुई है।मिली जानकारी के अनुसार, मिथिलेश पोद्दार किशनगंज से अपने घर बालू टोल लौट रहे थे। इसी दौरान काला बलुआ गैस एजेंसी के समीप एक अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।सूचना मिलते ही रानीगंज पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को रानीगंज रेफरल अस्पताल ले गई, जहाँ चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।घटना को लेकर रानीगंज थानाध्यक्ष रवि रंजन ने बताया कि मृतक के परिजनों के आवेदन के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
