पचीरा में 8.12 एकड़ जमीन पर फर्जीवाड़े का आरोप, पीड़ित ने आयुक्त से लगाई न्याय की गुहार।

रानीगंज (अररिया):
अंचल क्षेत्र के पचीरा गांव में पुश्तैनी जमीन को लेकर एक गंभीर भूमि विवाद सामने आया है। स्थानीय निवासी मिथलेश शर्मा ने आरोप लगाया है कि उनकी लगभग 8.12 एकड़ जमीन को फर्जी दस्तावेजों के जरिए हड़पने की कोशिश की गई है।
पीड़ित के अनुसार, मौजा पचीरा, थाना संख्या 59, खाता संख्या 29 में उनकी जमीन विधिवत दर्ज है और वर्ष 2026-27 तक की राजस्व लगान रसीद भी ऑनलाइन उपलब्ध है। इसके बावजूद अंचल कार्यालय रानीगंज के अभिलेख में कथित छेड़छाड़ कर जमीन को खारिज करते हुए अन्य लोगों के नाम दर्ज कर दिए गए हैं।
मिथलेश शर्मा का कहना है कि यह पूरा मामला वर्ष 2018 में तैयार किए गए फर्जी कागजातों पर आधारित है, जबकि उनके परिवार ने कभी जमीन की बिक्री नहीं की। उन्होंने बताया कि इस विवाद से जुड़ा मामला पहले से न्यायालय में लंबित है, जिसमें टी.एस. केस संख्या 427/1995 और अपील वाद संख्या 5/2019 जिला न्यायाधीश, अररिया में विचाराधीन है।पीड़ित ने यह भी बताया कि अंचलाधिकारी और जिला पदाधिकारी अररिया को कई बार आवेदन देने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।अब उन्होंने प्रमंडलीय आयुक्त पूर्णिया से भू-स्थलीय जांच कराने, फर्जी दस्तावेजों की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई करने और राजस्व अभिलेख में सुधार कर न्याय दिलाने की मांग की है।इस मामले को लेकर स्थानीय स्तर पर चर्चा तेज है और लोग प्रशासनिक कार्रवाई का इंतजार कर रहे हैं।
