सुपौल, 10 दिसंबर
लोरिक महोत्सव के तहत बुधवार को आयोजित दंगल प्रतियोगिता दर्शकों के लिए खास आकर्षण का केंद्र बनी। कार्यक्रम का शुभारंभ एडीएम सचिदानंद सुमन, सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी विकास कुमार, एसडीएम इंद्रवीर कुमार, एसडीपीओ गौरव गुप्ता तथा प्रमुख प्रतिनिधि जितेंद्र कुमार सिंटू ने पहलवानों से हाथ मिलाकर किया।
अखाड़े में विभिन्न राज्यों से पहुंचे नामी पहलवानों ने अपने कौशल और शक्ति का बेहतरीन प्रदर्शन किया। राजस्थान से आए शेरू पहलवान, शैतान सिंह, सोनू पहलवान, हीरा तथा प्रिंस बाबू ने शानदार दांव-पेंच दिखाकर दर्शकों को रोमांचित कर दिया। हर प्रभावी वार और दांव पर तालियों की गड़गड़ाहट से अखाड़ा गूंज उठा।

दंगल देखने के लिए भारी संख्या में लोगों की भीड़ जुटी, जिससे मेले का उत्साह और भी बढ़ गया। महोत्सव समिति और प्रशासन की देखरेख में आयोजित यह प्रतियोगिता मेले की रौनक बढ़ाने में पूरी तरह सफल रही।
मेले में टावर झूला, मौतकुआँ, ब्रेक डांस जैसे मनोरंजक झूले आकर्षण का केंद्र बने रहे। चाट, भेलपुरी, जलेबी और मिठाई की दुकानों पर भी लोगों की भारी भीड़ नज़र आई। दुकानदारों ने कहा कि जिला प्रशासन की इस पहल से स्थानीय लोगों को कुछ दिनों के लिए रोजगार का बेहतर अवसर मिलता है, जिससे परिवार की आमदनी में मदद होती है। उन्होंने प्रशासन के प्रति आभार जताया।
मेले में श्रम संसाधन विभाग, एसबीआई लाइफ, कला एवं संस्कृति विभाग, युवा विभाग, जिला ग्रामीण विकास अभिकरण, कृषि विभाग, सहकारिता विभाग, परिवहन विभाग, मद्यनिषेध एवं उत्पाद विभाग, अनुसूचित जनजाति कल्याण विभाग, बिजली आपूर्ति प्रमंडल, जन आरोग्य योजना, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, पशुपालन विभाग, राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग, समाज कल्याण विभाग, आईसीडीएस, उद्योग विभाग, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग, सुधा डेयरी और जीविका सहित कई विभागों के स्टॉल लगाए गए। इन स्टॉलों पर लोगों ने सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी ली और लाभ उठाया।
लोरिक महोत्सव का यह आयोजन मनोरंजन, जनजागरूकता और रोजगार—तीनों का बेहतरीन संगम साबित हुआ।
