10 दिसंबर, सुपौल।
सदर अस्पताल के SNCU वार्ड से मंगलवार को एक नवजात शिशु के रहस्यमय तरीके से लापता होने की घटना से अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया। परिजनों में कोहराम की स्थिति है, जबकि अस्पताल प्रशासन मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच में जुट गया है।
मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी (CS) डॉ. ललन ठाकुर ने बताया कि नवजात को 7 दिसंबर को निर्मली अस्पताल से रेफर कर सुपौल सदर अस्पताल के SNCU वार्ड में भर्ती किया गया था। मंगलवार सुबह करीब 10 बजे नवजात को उसकी नानी बिजली देवी वार्ड से बाहर ले जाती हुई CCTV फुटेज में देखी गई हैं। हालांकि, बच्चे को वापस वार्ड में लाए जाने का फुटेज नहीं मिला है, जिससे घटना और संदिग्ध हो गई है।
नवजात की नानी बिजली देवी का दावा है कि वह दूध पिलाने के लिए बच्चे को बाहर ले गई थीं और कुछ देर बाद वापस भी कर दिया। उनकी बात का समर्थन करते हुए नवजात की मां फूलकुमारी देवी ने कहा कि बच्चा लगभग आधे घंटे के भीतर ही वार्ड में लौटा दिया गया था और उस समय वह खुद मौजूद थीं। इसके बावजूद बच्चे का कोई फुटेज न मिलना कई सवाल खड़े कर रहा है।
घटना के बाद अस्पताल परिसर में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। परिजन आशंकाओं से घिरे हैं और नवजात की सुरक्षित बरामदगी की गुहार लगा रहे हैं।
उधर, अस्पताल प्रशासन ने सभी CCTV कैमरों की बारीकी से जांच शुरू कर दी है और कहा है कि मामले की सच्चाई जल्द सामने लाई जाएगी।
