10 दिसंबर, सुपौल।
सदर प्रखंड के बकौर पंचायत स्थित कोसी नदी पर निर्माणाधीन बकौर–भेजा पुल का बुधवार को जिलाधिकारी सावन कुमार ने निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त सुश्री सारा अशरफ, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, एनएचएआई के अभियंता तथा निर्माण एजेंसी के संवेदक भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने पुल निर्माण की प्रगति पर संतोष जताते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने निर्माण एजेंसी को निर्धारित समय-सीमा 30 जून 2026 तक हर हाल में कार्य पूरा करने का निर्देश दिया। लगभग 111.99 करोड़ रुपये की लागत से बन रहा यह पुल कोसी क्षेत्र में अवसंरचना विकास की एक महत्वपूर्ण परियोजना मानी जा रही है। पुल की मुख्य लंबाई 10.2 किलोमीटर तथा एप्रोच रोड सहित कुल लंबाई 13.3 किलोमीटर होगी।
निर्माण एजेंसी के मुताबिक, अब तक करीब 85 प्रतिशत कार्य पूरा किया जा चुका है। पुल के निर्माण से सुपौल, दरभंगा और मधुबनी जिलों के बीच आवागमन सुगम होगा तथा क्षेत्रीय विकास को गति मिलेगी। स्थानीय लोगों का कहना है कि पुल तैयार होने के बाद दूरी कम होने से व्यापार, परिवहन और जन-जीवन को सीधा लाभ मिलेगा।
