10 दिसंबर, सुपौल।
सदर प्रखंड अंतर्गत टी.सी. उच्च माध्यमिक विद्यालय में मंगलवार को महिला एवं बाल विकास निगम द्वारा बेटी बचाओ–बेटी पढ़ाओ योजना के तहत जेंडर आधारित हिंसा के विरुद्ध जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
सत्र के दौरान छात्र-छात्राओं को लैंगिक असमानता, घरेलू व जेंडर आधारित हिंसा, दहेज प्रथा, बाल विवाह सहित विभिन्न सामाजिक कुप्रथाओं के दुष्परिणामों की जानकारी दी गई। साथ ही महिला हेल्पलाइन 181, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 तथा साइबर क्राइम शिकायत 1930 जैसे महत्वपूर्ण सहायता संसाधनों के उपयोग की भी विस्तृत जानकारी विशेषज्ञों ने साझा की।
कार्यक्रम के अंतर्गत बाल विवाह मुक्त भारत अभियान को सशक्त बनाने हेतु सभी छात्र-छात्राओं से शपथ दिलाई गई।
इस अवसर पर जिला परियोजना प्रबंधक रूपम कुमारी, पुलिस पदाधिकारी एस.ई. सुमित भारती, जेंडर स्पेशलिस्ट श्रीमती नीतू कुमारी, वन स्टॉप सेंटर की प्रशासक कुमारी प्रतीमा, विद्यालय के प्रधानाचार्य, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।
विशेषज्ञों ने बच्चों को उनके अधिकारों, सुरक्षित वातावरण और कानून के तहत उपलब्ध सहायता सेवाओं के महत्व से अवगत कराया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समाज में लैंगिक समानता स्थापित करना और महिलाओं व बच्चों के लिए हिंसा-मुक्त वातावरण तैयार करना रहा।
