रिपोर्ट : आदर्श कुमार
सुपौल, 11 दिसंबर
जिलाधिकारी सुपौल श्री सावन कुमार (भा.प्र.से.) ने बुधवार को मुख्यमंत्री अंतर्जातीय विवाह प्रोत्साहन योजना एवं निःशक्त जन विवाह प्रोत्साहन योजना के तहत जिले के कुल तीन नवविवाहित जोड़ों को सम्मानित किया। इनमें दो जोड़े अंतर्जातीय विवाह योजना तथा एक जोड़ा निःशक्त जन विवाह योजना के तहत चयनित हुआ।
कार्यक्रम में डीएम ने सभी पात्र दंपतियों को एक-एक लाख रुपये की सावधि जमा योजना (FD) का प्रमाण-पत्र प्रदान कर प्रोत्साहित किया।
योजना का उद्देश्य
समाज कल्याण विभाग, बिहार सरकार द्वारा संचालित इन योजनाओं का उद्देश्य—
जाति आधारित भेदभाव को कम करना,
अंतर्जातीय विवाह को बढ़ावा देना,
तथा निःशक्त जन व्यक्तियों को विवाह के बाद आर्थिक सुरक्षा प्रदान करना है।
इन योजनाओं का लाभ उन्हीं जोड़ों को मिलता है जिनमें पति या पत्नी में से कम-से-कम एक व्यक्ति बिहार का निवासी हो तथा विवाह के दो वर्ष के भीतर आवेदन किया गया हो। पात्र दंपतियों को प्रदत्त ₹1,00,000 की राशि तीन वर्ष पश्चात ब्याज सहित निकाली जा सकती है।
जरूरी दस्तावेज
आवेदन हेतु विवाह प्रमाण-पत्र, आयु प्रमाण, जाति प्रमाण-पत्र, आवासीय प्रमाण सहित आवश्यक कागजात जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग में जमा करने होते हैं।
जिलाधिकारी ने दी शुभकामनाएँ
डीएम सावन कुमार ने सभी लाभार्थी दंपतियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ देते हुए समाज में जागरूकता बढ़ाने की अपील की।
