रिपोर्ट — आदर्श कुमार
11 दिसंबर 2025, सुपौल
सदर प्रखंड के अंतर्गत दिल्ली पब्लिक स्कूल में बुधवार को जेंडर आधारित हिंसा के विरुद्ध जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम महिला एवं बाल विकास निगम द्वारा संचालित बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना के तहत चल रहे 16 दिवसीय अभियान के अंतर्गत आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को संवाद के माध्यम से लैंगिक असमानता, जेंडर आधारित हिंसा, बाल विवाह तथा दहेज प्रथा जैसी सामाजिक कुरीतियों के बारे में जागरूक किया गया। साथ ही महिलाओं व बच्चों से संबंधित हेल्पलाइन सेवाओं—महिला हेल्पलाइन 181, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, और साइबर क्राइम शिकायत हेल्पलाइन 1930 की विस्तृत जानकारी भी दी गई।
अभियान के दौरान उपस्थित विद्यार्थियों को बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के समर्थन में शपथ दिलाई गई कि वे समाज में बाल विवाह की रोकथाम और लैंगिक समानता को बढ़ावा देने में अपनी जिम्मेदारी निभाएंगे।
कार्यक्रम में जिला परियोजना प्रबंधक रूपम कुमारी, अधिकारी इंद्रजीत कुमार आजाद, जेंडर स्पेशलिस्ट श्रीमती नीतू कुमारी, वन स्टॉप सेंटर से प्रशांत कुमारी प्रतीभा सहित स्कूल के डायरेक्टर, प्राचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाएँ और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं की सक्रिय भागीदारी रही।
वक्ताओं ने कहा कि जेंडर आधारित हिंसा को रोकने के लिए समाज के हर वर्ग की सहभागिता आवश्यक है और विद्यालय स्तर पर जागरूकता फैलाना इस दिशा में सबसे प्रभावी कदम है।
