राष्ट्रीय युवा दिवस पर स्वामी विवेकानंद जयंती सप्ताह का शुभारंभ, मेधावी छात्रों के बीच हुए विविध कार्यक्रम।

रानीगंज/अररिया।

मेरा युवा भारत (खेल मंत्रालय, भारत सरकार) के स्वयंसेवक अजित रंजन एवं ग्रामीण विकास संगठन युवा क्लब के बैनर तले स्वामी विवेकानंद की जयंती को युवा सप्ताह के रूप में मनाया जा रहा है।
आज दिनांक 12 जनवरी को राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर 12 से 19 जनवरी तक चलने वाले कार्यक्रम का उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मध्य विद्यालय खरहट बरमोत्तरा के प्रधानाचार्य अमर कुमार यादव, प्राथमिक मध्य विद्यालय बरमोत्तरा के प्रधानाचार्य अखिलेश्वर झा, माननीय मुखिया गनोरी मंडल, जामुन प्रसाद मंडल एवं राजेश मंडल द्वारा स्वामी विवेकानंद जी की तस्वीर पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर किया गया।

युवा क्लब के अध्यक्ष अजित रंजन ने बताया कि संकुल नारायणपुर अंतर्गत मध्य विद्यालय खरहट बरमोत्तरा एवं मध्य विद्यालय गीतवास के बीच क्विज प्रतियोगिता, संगीत कार्यक्रम, नुक्कड़ नाटक तथा माननीय प्रधानमंत्री के युवा संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इन गतिविधियों के माध्यम से युवाओं को समाज के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया गया।

स्वामी विवेकानंद जी की जयंती उनके जीवन और विचारों को स्मरण करने का महत्वपूर्ण अवसर है। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी स्वामी विवेकानंद को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके आदर्शों को अपनाने का आह्वान किया।
स्वामी विवेकानंद का जन्म 12 जनवरी 1863 को कोलकाता में हुआ था तथा उनका निधन 4 जुलाई 1902 को बेलुर मठ, हावड़ा में हुआ। वे एक महान आध्यात्मिक नेता, समाज सुधारक एवं रामकृष्ण मिशन के संस्थापक थे। उनके विचार आज भी युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
इस अवसर पर उपस्थित गणमान्य एवं शिक्षकगण में प्रधान शिक्षिका सुशीला देवी, सत्यभामा कुमारी, रंजना कुमारी, सविता कुमारी, किरण कुमारी, प्रधान शिक्षक विजय कुमार, सत्यनारायण मंडल, पवन पासवान, राकेश सिन्हा, शोभानंद ऋषिदेव, छात्र सावन कुमार, स्वयंसेवक मनीष पासवान, सत्यम कुमार सहित सैकड़ों छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
