रानीगंज/अररिया:- रानीगंज नगर पंचायत क्षेत्र में चोरों के हौसले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। स्थिति यह है कि अब थाना के बिल्कुल नजदीक भी चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया जा रहा है। ताजा मामला नगर पंचायत के वार्ड संख्या 12 का है, जहां अज्ञात चोरों ने एक किराना दुकान का फाटक तोड़कर नकदी सहित लाखों रुपये मूल्य के सामान पर हाथ साफ कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पीड़ित किराना व्यवसायी ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि 10 जनवरी की रात वह प्रतिदिन की तरह दुकान बंद कर घर चले गए थे। 11 जनवरी की सुबह करीब साढ़े नौ बजे जब वह दुकान खोलने पहुंचे तो देखा कि दुकान का फाटक टूटा हुआ है और अंदर रखा सामान बिखरा पड़ा है। जब उन्होंने सामान की जांच की तो दुकान से रजनीगंधा पान मसाला की तीन बोरियां व एक कार्टून, राज निवास पान मसाला की एक बोरी, चांस सिगरेट के पांच बंडल, करीब 20 किलो चायपत्ती, सूखा राशन सहित लगभग 30 हजार रुपये नकद गायब पाए गए। चोरी गए सामान और नकदी की कुल कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।
पीड़ित दुकानदार ने बताया कि इससे पहले भी उनकी दुकान को चोर निशाना बना चुके हैं, लेकिन अब थाना से महज कुछ ही दूरी पर हुई इस चोरी की घटना ने व्यापारियों की चिंता और बढ़ा दी है। घटना के बाद इलाके के दुकानदारों में दहशत का माहौल है और लोग अपनी सुरक्षा को लेकर सवाल उठा रहे हैं।
इधर, रानीगंज थाना के अपर थानाध्यक्ष राजू कुमार ने बताया कि मामले में आवेदन प्राप्त हुआ है। पुलिस घटनास्थल का निरीक्षण कर रही है और चोरी के खुलासे के लिए आगे की कार्रवाई की जा रही है।
थाना के इतने करीब चोरी की वारदात होने से पुलिस की रात्रि गश्ती व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों ने पुलिस से गश्ती बढ़ाने और जल्द से जल्द चोरों की गिरफ्तारी की मांग की है।
