सुपौल में नशा विरोधी अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई, 2970 नशीली गोलियां बरामद

सुपौल।
जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस और औषधि विभाग की संयुक्त टीम ने बड़ी सफलता हासिल की है। गजना रोड स्थित एक मेडिकल एजेंसी से 2970 नशीली दवाओं की गोलियां बरामद की गई हैं।
जिले में नशा विरोधी अभियान के क्रम में गजना रोड स्थित एक मेडिकल एजेंसी द्वारा अवैध रूप से नशीली दवाओं के भंडारण और बिक्री की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना के आधार पर औषधि निरीक्षक, सुपौल एवं सुपौल थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने छापेमारी की।छापेमारी के दौरान मेडिकल एजेंसी से 2970 नशीली टैबलेट बरामद की गई। बरामद दवाओं को जब्त कर लिया गया है तथा उनके जांच और विश्लेषण के लिए सक्षम प्रयोगशाला भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।इस संबंध में औषधि निरीक्षक के आवेदन के आधार पर अग्रतर कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।पुलिस अधीक्षक कार्यालय, सुपौल ने आम जनता से अपील की है कि नशीली दवाओं के अवैध कारोबार से जुड़ी किसी भी सूचना को तत्काल पुलिस को दें, ताकि समाज को नशामुक्त बनाया जा सके।
