सुपौल में फोकनिया एवं मौलवी परीक्षा 2026 शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न, 5809 परीक्षार्थी हुए शामिल
सुपौल।
जिले में सोमवार, 19 जनवरी 2026 को फोकनिया एवं मौलवी परीक्षा 2026 का आयोजन सुपौल अनुमंडल अंतर्गत निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर कदाचारमुक्त एवं शांतिपूर्ण वातावरण में किया गया। परीक्षा केंद्रों से प्राप्त प्रतिवेदन के अनुसार परीक्षा में बड़ी संख्या में परीक्षार्थियों ने भाग लिया।
जारी रिपोर्ट के मुताबिक कुल 6062 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 5809 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 253 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा के दौरान किसी भी केंद्र से नकल, निष्कासन, गिरफ्तारी अथवा जुर्माने की कोई सूचना नहीं मिली।परीक्षा सुपौल उच्च माध्यमिक विद्यालय, आरबीबीटी बालिका उच्च विद्यालय, टीएनटी उच्च विद्यालय, उर्दू मध्य विद्यालय सुपौल तथा हजारी उच्च विद्यालय गौरगांव सहित विभिन्न केंद्रों पर प्रथम एवं द्वितीय पाली में आयोजित की गई। सभी केंद्रों पर प्रशासनिक निगरानी में परीक्षा सफलतापूर्वक संपन्न हुई।
प्रशासन ने बताया कि परीक्षा के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे और सभी केंद्रों पर नियमों का सख्ती से पालन कराया गया। समापन के बाद अधिकारियों ने संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि परीक्षा पूरी तरह निष्पक्ष और व्यवस्थित ढंग से आयोजित हुई।
