सुपौल में युवा कांग्रेस का एकदिवसीय विरोध प्रदर्शन, चार सूत्री मांगों को लेकर राज्यपाल के नाम सौंपा ज्ञापन
सुपौल।
युवा कांग्रेस के बिहार प्रदेश सचिव एवं जन संघर्ष समिति के अध्यक्ष लक्ष्मण कुमार झा के नेतृत्व में सोमवार को सुपौल डिग्री कॉलेज चौक पर सैकड़ों लोगों ने एकदिवसीय विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन को संबोधित करने के बाद जनसैलाब डिग्री कॉलेज चौक से समाहरणालय गेट तक मार्च करते हुए पहुँचा, जहां राज्यपाल महोदय के नाम चार सूत्री मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा गया।युवा कांग्रेस प्रदेश सचिव लक्ष्मण कुमार झा ने कहा कि सरकार को जनसमस्याओं के प्रति गंभीर होना होगा। उन्होंने बताया कि आगामी 2 तारीख को मुख्यमंत्री महोदय से इन सभी मुद्दों को लेकर मिलने का समय मांगा गया है। यदि मुलाकात का समय नहीं दिया गया, तो वे मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के दौरान विरोध प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि मांगों पर विचार नहीं किया गया तो आगे भी आंदोलन लगातार जारी रहेगा।
ज्ञापन के माध्यम से रखी गई प्रमुख मांगें इस प्रकार हैं—
पहली, सभी भूमिहीन परिवारों को मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुसार 3 से 5 डिसमिल जमीन का पर्चा उपलब्ध कराया जाए।दूसरी, अन्य राज्यों की तरह बिहार में भी वृद्धा, विधवा एवं दिव्यांग पेंशन की राशि बढ़ाकर 3000 से 4000 रुपये की जाए।
तीसरी, सभी महादलित बस्तियों के पास श्मशान घाट का निर्माण कराया जाए।
चौथी, सुपौल सदर प्रखंड मुख्यालय अंतर्गत मोहनिया चौक से बेला गांव होते हुए सुपौल जाने वाली जर्जर सड़क का शीघ्र निर्माण कराया जाए, जो वर्षों से खराब हालत में है और जगह-जगह गड्ढों में तब्दील हो चुकी है।
प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में युवा, सामाजिक कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे। प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहा, वहीं प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।
