डॉक्टर भीम सेवा शिविर से जुड़े प्रमाण-पत्र आवेदन लंबित, विधायक अविनाश मंगलम ने डीएम से की कार्रवाई की मांग।
रानीगंज/अररिया:
रानीगंज प्रखंड क्षेत्र की विभिन्न पंचायतों में आयोजित डॉक्टर भीम सेवा समग्र अभियान शिविरों के दौरान आम नागरिकों द्वारा बड़ी संख्या में जाति, आय, निवास, जन्म प्रमाण-पत्र, राशन कार्ड एवं वासगीत पर्चा से संबंधित आवेदन दिए गए थे, जो अब तक लंबित हैं।
इस संबंध में रानीगंज विधानसभा क्षेत्र के विधायक अविनाश मंगलम ने जिला पदाधिकारी, अररिया को पत्र लिखकर सभी लंबित आवेदनों के शीघ्र निपटारे की मांग की है। उन्होंने बताया कि विशेष रूप से अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के छात्र-छात्राओं को प्रमाण-पत्रों के अभाव में छात्रवृत्ति, आवासीय विद्यालयों तथा अन्य शैक्षणिक योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है।
विधायक ने प्रशासन से प्रखंड एवं अंचल स्तर पर विशेष समीक्षा कराकर समयबद्ध निपटारा सुनिश्चित करने, तथा आवश्यकता पड़ने पर विशेष शिविर चलाकर सभी लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन का अनुरोध किया है। उन्होंने कहा कि यह मामला सीधे गरीब एवं वंचित परिवारों के बच्चों के भविष्य से जुड़ा हुआ है, इसलिए इसमें संवेदनशीलता और प्राथमिकता के साथ कार्रवाई की जानी चाहिए।
