रानीगंज/अररिया:- बिहार राज्य फसल सहायता योजना अंतर्गत गुरुवार को जिला पदाधिकारी अररिया के अनिल कुमार ने अररिया जिला के रानीगंज प्रखंड अंतर्गत छतियाना पंचायत के रूपौली राजस्व ग्राम में किसान मो खलील पिता– मो फजीलत के खेत में अगहनी धान फसल कटनी प्रयोग का निरीक्षण किया। अगहनी धान फसल कटनी प्रयोग प्रत्येक पंचायत में 5 आयोजित होता है, जिसमें ग्राम एवं खेसरा का चयन रैंडम पद्धति से किया जाता है। चयनित खेसरा में 10 गुना 5 मीटर के क्षेत्रफल में कटनी प्रयोग संपादित होते हैं। इसी प्रकार के प्रयोग के आधार पर प्राप्त उपज से संपूर्ण जिला का उपज दर निर्धारित होता है।इसके महत्व को देखते हुए जिला स्तर के पदाधिकारी से लेकर प्रखंड स्तर तक के पदाधिकारी के निरीक्षण में ऐसे प्रयोग संपादित किए जाते हैं।आज कटनी में हरा दाना का वजन 50 वर्ग मीटर में 20 किलोग्राम 200 ग्राम आया। इस प्रकार इसका उपज दर 40 क्विंटल 40 किलोग्राम प्रति हेक्टेयर आकलित किया गया।इस अवसर पर जिला कृषि पदाधिकारी, अररिया, गौरव प्रताप सिंह, सहायक निदेशक, सामाजिक सुरक्षा सह ओ.एस.डी, गोपनीय प्रशाखा, दिलीप कुमार, जिला सांख्यिकी पदाधिकारी अररिया श्रीकांत पासवान, अंचलाधिकारी रानीगंज, सहायक सांख्यिकी पदाधिकारी राजकुमार, प्रखंड कृषि पदाधिकारी, रानीगंज, प्रयोगकर्ता शसंदीप कुमार मंडल, कृषि समन्वयक सहित अनेक कर्मी एवं किसान उपस्थित थे।
