रामनवमी शोभा यात्रा पर प्रशासन की पैनी नजर, कंट्रोल रूम से डीएम-एसपी कर रहे मॉनिटरिंग
अररिया, 26 मार्च 2026

रामनवमी के अवसर पर जिले में निकली शोभा यात्रा को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जिला प्रशासन ने कड़े इंतजाम किए हैं और हर गतिविधि पर पैनी नजर रखी जा रही है।
फारबिसगंज नगर परिषद क्षेत्र में आयोजित भव्य शोभा यात्रा के दौरान नगर परिषद स्थित सीसीटीवी कंट्रोल रूम से जिला पदाधिकारी विनोद दूहन एवं पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार ने संयुक्त रूप से कार्यक्रम की निगरानी की। इस दौरान शहर के प्रमुख मार्गों, चौक-चौराहों एवं भीड़भाड़ वाले इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों के जरिए लगातार नजर रखी गई।

कंट्रोल रूम में मौजूद अधिकारियों ने ड्यूटी पर तैनात पुलिस एवं प्रशासनिक कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोका जा सके।
जिले भर में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। जगह-जगह दंडाधिकारी, पुलिस बल एवं गश्ती दल की तैनाती की गई है, जबकि संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है।
जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने आमजन से अपील की है कि वे रामनवमी पर्व को शांति, सौहार्द और आपसी भाईचारे के साथ मनाएं।
