बरबन्ना हाट की बन्दोबस्ती में नया मोड़: दूसरे बोलीदाता को मिला मौका।

रानीगंज। नगर पंचायत रानीगंज द्वारा बरबन्ना हाट की वित्तीय वर्ष 2026-27 की बन्दोबस्ती प्रक्रिया में शनिवार को नया मोड़ सामने आया। खुली डाक प्रक्रिया में दूसरे स्थान पर रहे बोलीदाता को अब बन्दोबस्ती का अवसर प्रदान किया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 24 मार्च को आयोजित डाक में नगराही वार्ड संख्या पांच, बगुलाहा निवासी सुजीत कुमार मंडल ने ₹2,46,05,000 की दूसरी सबसे ऊँची बोली लगाई थी। हालांकि, उच्चतम बोलीदाता द्वारा निर्धारित समयसीमा के भीतर राशि जमा नहीं करने के कारण नियमों के तहत दूसरे स्थान पर रहे बोलीदाता को यह अवसर दिया गया।
नगर पंचायत कार्यालय द्वारा जारी पत्र के अनुसार कुल देय राशि ₹2,70,65,500 निर्धारित की गई है, जिसमें 10 प्रतिशत अतिरिक्त शुल्क भी शामिल है। कार्यपालक पदाधिकारी ने निर्देश दिया है कि संबंधित बोलीदाता 30 मार्च 2026 को शाम 5 बजे तक पूरी राशि जमा करना सुनिश्चित करें।
निर्धारित समयसीमा तक राशि जमा नहीं करने की स्थिति में उनका दावा स्वतः समाप्त माना जाएगा। साथ ही जमानत राशि जब्त करते हुए तीसरे बोलीदाता को मौका दिया जाएगा। नगर पंचायत ने यह भी स्पष्ट किया है कि समयसीमा का उल्लंघन करने पर भविष्य की डाक प्रक्रिया में भाग लेने पर प्रतिबंध लगाया जा सकता है।
