रिपोर्ट आदर्श कुमार
12 दिसंबर, सुपौल/पिपरा।
पिपरा बाजार स्थित युवा क्लब भवन में शुक्रवार को जदयू विधायक रामविलास कामत के सम्मान में भव्य नागरिक अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रखंड अध्यक्ष उपेंद्र मंडल ने और मंच संचालन किशुन राय ने किया।
मंच पर आगमन के दौरान विधायक का परंपरागत रूप से अंगवस्त्र, माला और बुके देकर गर्मजोशी से स्वागत किया गया। समारोह में युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों की भारी उपस्थिति से पूरा माहौल उत्साहपूर्ण रहा।
अपने संबोधन में विधायक रामविलास कामत ने कहा कि हाल के विधानसभा चुनाव परिणामों ने “मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में जनता का भरोसा एक बार फिर मजबूत किया है।” उन्होंने कहा कि सुशासन की बदौलत राज्य में विकास की गति बढ़ी है और आने वाला पंचवर्षीय कार्यकाल “विकास का नया अध्याय” साबित होगा।
कार्यक्रम में जदयू के जिला उपाध्यक्ष हरेकांत झा, युवा जदयू जिलाध्यक्ष प्रियंका कुमारी, निर्धन पासवान, युवा जदयू प्रखंड अध्यक्ष मुनींद्र कुमार झा, बीजेपी नेता मनोज कुमार सिंह, बीजेपी प्रखंड अध्यक्ष कमलेश मंडल सहित एनडीए के कई पदाधिकारी और सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।
समारोह के दौरान क्षेत्र में विकास योजनाओं को लेकर लोगों में नई उम्मीद और उत्साह साफ़ झलक रहा था।
