13 दिसंबर सुपौल।
सदर अस्पताल सुपौल के एसएनसीयू (स्पेशल न्यूबॉर्न केयर यूनिट) वार्ड से तीन दिन पहले लापता हुआ नवजात शिशु शुक्रवार शाम बरामद कर लिया गया। बच्चे के मिलने के बाद परिजनों ने राहत की सांस ली है, वहीं पुलिस प्रशासन को भी इस मामले में बड़ी सफलता मिली है।

पुलिस अधीक्षक सारथ आर. एस. ने जानकारी देते हुए बताया कि बरामद नवजात को सदर अस्पताल के एसएनसीयू वार्ड में रखा गया है। अस्पताल के डॉक्टर विनय कुमार के अनुसार बच्चा पूरी तरह स्वस्थ है और उसकी स्थिति सामान्य है।गौरतलब है कि बीते बुधवार की दोपहर सदर अस्पताल के एसएनसीयू वार्ड से नवजात शिशु रहस्यमय तरीके से गायब हो गया था। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस लगातार सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही थी। करीब 72 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस को बच्चे की बरामदगी में सफलता मिली।इधर, बच्चे के लापता होने से नाराज परिजनों ने शुक्रवार को सदर अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा किया था और प्रशासन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया था। आक्रोशित परिजनों ने चेतावनी दी थी कि यदि शाम तक बच्चे की बरामदगी नहीं हुई तो वे सड़क जाम करेंगे। हालांकि, समय रहते बच्चे के मिल जाने से स्थिति शांत हो गई।मधुबनी जिले के लोकही थाना क्षेत्र के पिपराही वार्ड संख्या 13 निवासी देवेंद्र प्रसाद मंडल ने बताया कि उनकी पत्नी फूल कुमारी ने 7 दिसंबर को निर्मली अनुमंडल अस्पताल में बच्चे को जन्म दिया था। जन्म के कुछ घंटों बाद बच्चे की तबीयत बिगड़ने पर उसे सदर अस्पताल सुपौल रेफर किया गया, जहां उसी दिन एसएनसीयू में भर्ती कराया गया था।देवेंद्र मंडल के अनुसार, 10 दिसंबर की दोपहर करीब 2 बजे अस्पताल कर्मियों ने उन्हें बताया कि बच्चा वार्ड से गायब है। इसके बाद से लगातार खोजबीन की जा रही थी। इस संबंध में उन्होंने सदर थाना में मामला भी दर्ज कराया था।फिलहाल बच्चे के सुरक्षित मिलने से परिजनों में खुशी का माहौल है और पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी हुई है।
