14 दिसंबर छातापुर/सुपौल

छातापुर थाना परिसर में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी त्रिवेणीगंज के नेतृत्व में बुधवार को एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में छातापुर बाजार सहित प्रमुख स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने को लेकर व्यापारियों से चर्चा की गई।
पुलिस अधिकारियों ने बाजार एवं आसपास के इलाकों में IP कैमरे लगाने की आवश्यकता पर बल दिया और कहा कि इससे अपराध नियंत्रण, संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी तथा आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई संभव हो सकेगी।

बैठक में व्यापारियों को बाजार की सुरक्षा में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने और पुलिस के साथ समन्वय बनाकर कार्य करने की सलाह दी गई।अधिकारियों ने बताया कि कैमरे लगने से चोरी, लूट एवं अन्य आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगेगा, वहीं आम लोगों में सुरक्षा की भावना भी मजबूत होगी। बैठक के दौरान व्यापारियों ने अपनी समस्याएं और सुझाव भी रखे, जिन पर पुलिस प्रशासन ने सकारात्मक पहल का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर पुलिसकर्मियों के साथ बड़ी संख्या में स्थानीय व्यापारी मौजूद रहे। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि पुलिस–जन सहयोग से ही सुरक्षित और सुव्यवस्थित बाजार की परिकल्पना साकार हो सकती है।
