अवैध पार्किंग के खिलाफ सख्त अभियान, तीन दर्जन से अधिक वाहनों पर कार्रवा
16 दिसंबर सुपौल,
शहर में जाम की बढ़ती समस्या और सड़कों पर यत्रतत्र खड़ी गाड़ियों के कारण हो रही असुविधा को देखते हुए अनुमंडल पदाधिकारी सुपौल सदर इंद्रवीर कुमार के निर्देश पर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया। यह अभियान सुपौल–सहरसा मुख्य मार्ग सहित आसपास के प्रमुख मार्गों पर संचालित किया गया।

अभियान के दौरान यातायात नियमों का पालन नहीं करने वाले लगभग तीन दर्जन से अधिक वाहनों पर कार्रवाई की गई तथा सभी पर जुर्माना लगाया गया। अभियान में अनुमंडल पदाधिकारी सुपौल सदर के साथ सुपौल ट्रैफिक थानाध्यक्ष उपेंद्र प्रसाद भी मौजूद रहे।अभियान के उपरांत अनुमंडल पदाधिकारी द्वारा महावीर चौक पर करीब एक घंटे तक अनियंत्रित एवं अवैध रूप से खड़े वाहनों के विरुद्ध विशेष कार्रवाई की गई। इस दौरान तीन दर्जन से अधिक वाहनों से लगभग 70 हजार रुपये से अधिक का जुर्माना वसूला गया।इस मौके पर अनुमंडल पदाधिकारी ने कहा कि सड़क पर अवैध पार्किंग के कारण आम लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है और जाम की स्थिति उत्पन्न हो जाती है। इससे न केवल यातायात बाधित होता है, बल्कि एंबुलेंस, अग्निशमन जैसी आवश्यक सेवाओं को भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि बाजार आने वाले लोग खरीदारी या अन्य कारणों से अपनी गाड़ियों को सड़क पर न खड़ा करें, बल्कि निर्धारित स्थान पर ही पार्किंग करें। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर जुर्माना एवं कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि यह अभियान लगातार जारी रहेगा।साथ ही सभी ई-रिक्शा चालकों को भी सख्त निर्देश दिए गए कि सवारी चढ़ाने-उतारने के दौरान अपने वाहन को सड़क से हटाकर खड़ा करें। अनुमंडल पदाधिकारी ने यातायात थानाध्यक्ष को निर्देशित किया कि अनियंत्रित एवं नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ लगातार अभियान चलाते हुए सख्त कार्रवाई और जुर्माना सुनिश्चित किया जाए।
