रानीगंज नगर पंचायत ने शुरू किया अतिक्रमण हटाओ अभियान, बढ़ रही भीड़-भाड़ और यातायात जाम पर लगाम

रानीगंज/अररिया – रानीगंज नगर पंचायत रानीगंज ने शहर में अतिक्रमण हटाओ अभियान की शुरुआत की है। अभियान के तहत नगर प्रशासन ने शहर में चल रहे अवैध अतिक्रमण पर सख्त कार्रवाई का ऐलान किया है। अधिकारियों ने कहा कि फुटपाथ पर दुकान लगाना, सड़क किनारे सरकारी भूमि पर ठेला या गुमटी लगाना अतिक्रमण के तहत आता है और यह एक अपराध है। ऐसे मामलों में आर्थिक दंड के साथ-साथ FIR दर्ज कर कानूनी कार्रवाई भी की जा सकती है।
नगर पंचायत के अधिकारियों ने बताया कि शहर में बढ़ते अतिक्रमण के कारण यातायात में जाम की समस्या, दुर्घटनाओं का खतरा और अनियंत्रित भीड़-भाड़ जैसी समस्याएँ लगातार बढ़ रही हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए यह अभियान शुरू किया गया है ताकि नागरिकों को सुरक्षित और व्यवस्थित वातावरण मिल सके।
अधिकारियों ने जनता से अपील की है कि वे शहर में किसी भी प्रकार के अतिक्रमण से बचें और प्रशासन के सहयोग से अपने शहर को अतिक्रमण मुक्त और सुंदर बनाएं। अभियान के दौरान अवैध अतिक्रमण हटाने के लिए शहर में विभिन्न क्षेत्रों में विशेष टीमों द्वारा कार्रवाई की जाएगी।
