अनियंत्रित ई-रिक्शा पलटा, चालक समेत चार घायल,तेज रोशनी से बिगड़ा संतुलन, एक की हालत गंभीर।

26 दिसंबर सुपौल।
जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सिमराही हाई स्कूल रोड स्थित पावर ग्रिड के समीप शुक्रवार की शाम एक सड़क हादसा हो गया। सिमराही से वेरदह की ओर जा रही एक ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे रिक्शा चालक समेत चार लोग घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।ई-रिक्शा चालक विद्यानंद कुमार ने बताया कि सामने से आ रही एक चार पहिया वाहन की तेज रोशनी पड़ने के कारण संतुलन बिगड़ गया, जिससे ई-रिक्शा सड़क पर पलट गई। हादसे में चालक सहित तीन यात्री गंभीर रूप से जख्मी हो गए।घायलों की पहचान वेरदह वार्ड संख्या-2 निवासी 70 वर्षीय मिश्रीलाल साह, 32 वर्षीय रुबी देवी, वेदरह सीताराम चकला वार्ड संख्या-1 निवासी बैजनाथ सादा तथा ई-रिक्शा चालक विद्यानंद कुमार के रूप में हुई है। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को नजदीकी राघोपुर रेफरल अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया।ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. राहुल झा ने बताया कि बैजनाथ सादा के दाहिने पैर में फ्रैक्चर है और सिर में गंभीर चोट लगी है, जिससे उनकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। बेहतर इलाज के लिए उन्हें सदर अस्पताल, सुपौल रेफर कर दिया गया है। अन्य घायलों का इलाज राघोपुर रेफरल अस्पताल में जारी है।इधर, राघोपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार राय ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है और मामले में आगे की आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
