रानीगंज के गीदवास आज़ाद चौक मैदान में प्रखंड स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता संपन्न

पुरुषों ने वॉलीबॉल, महिलाओं ने कबड्डी में दिखाया दम

रानीगंज (अररिया)।
दिनांक 08 जनवरी 2026 को रानीगंज के गीदवास आज़ाद चौक खेल मैदान में आयोजित दो दिवसीय प्रखंड स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का सफल समापन हुआ। इस प्रतियोगिता का आयोजन मेरा युवा भारत अररिया के तत्वावधान में गीदवास आज़ाद चौक एवं रानीगंज प्रखंड के संयुक्त सहयोग से किया गया।

आयोजन का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना एवं युवाओं में खेल के प्रति रुचि और खेल भावना को बढ़ावा देना रहा। प्रतियोगिता में विभिन्न आयु वर्ग के खिलाड़ियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और शानदार प्रदर्शन किया।

पुरुष वर्ग में वॉलीबॉल प्रतियोगिता आयोजित की गई, जबकि महिला वर्ग में कबड्डी प्रतियोगिता ने सभी का ध्यान आकर्षित किया। इसके अतिरिक्त पुरुष अकाल ग्रुप में दौड़ एवं लंबी कूद, वहीं महिला एकल ग्रुप में एकल दौड़ एवं लंबी कूद प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया।
समापन समारोह के अवसर पर उत्क्रमित मध्य विद्यालय खरहट बरमोत्तरा के प्रधानाध्यापक अमर आनंद, उत्क्रमित मध्य विद्यालय कविलासा के प्रधानाचार्य अजय कुमार झा सहित स्थानीय गणमान्य अतिथियों द्वारा विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इससे प्रतिभागियों का उत्साह और मनोबल और अधिक बढ़ा।
कार्यक्रम का मंच संचालन एवं खेल प्रतियोगिताओं का सफल संचालन मेरा युवा भारत स्वयंसेवक अजीत रंजन द्वारा किया गया। आयोजन को सफल बनाने में शिक्षक पवन कुमार, भवेश कुमार झा, इंदु भूषण मंडल, नीरज कुमार सहित अन्य गणमान्य लोगों की सराहनीय भूमिका रही।
यह आयोजन मेरा युवा भारत अररिया एवं किशनगंज की ओर से ग्रामीण खेलकूद को प्रोत्साहित करने और युवाओं को आगे बढ़ने के लिए एक प्रेरणादायक पहल साबित हुआ।
