रानीगंज की प्रमुख सड़क को पीडब्ल्यूडी में स्थानांतरित करने की मांग।

रानीगंज (अररिया) — रानीगंज विधानसभा क्षेत्र के विधायक अविनाश मंगलम ने ग्रामीण कार्य विभाग के अधीन एक महत्वपूर्ण सड़क को पथ निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) में स्थानांतरित करने की मांग की है। उन्होंने इस संबंध में पथ निर्माण विभाग के मंत्री को पत्र लिखकर सड़क के उन्नयन की आवश्यकता बताई है।
विधायक ने बताया कि एनएच-133ए बगुलाहा नहर से पीडब्ल्यूडी रोड तक, कालाबलुआ से शिवनगर होते हुए कोशकापुर जाने वाला लगभग 19 किलोमीटर लंबा मार्ग वर्तमान में ग्रामीण कार्य विभाग के अधीन है। यह मार्ग बनमनखी प्रखंड को जोड़ता है और अंतर-प्रखंड व अंतर-जिला संपर्क मार्ग के रूप में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
उन्होंने कहा कि इस सड़क पर भारी और मध्यम श्रेणी के वाहनों का प्रतिदिन आवागमन होता है, लेकिन ग्रामीण कार्य विभाग की सीमित तकनीकी क्षमता के कारण इसका समुचित चौड़ीकरण और मजबूतीकरण संभव नहीं हो पा रहा है। इससे क्षेत्रवासियों को आवागमन में लगातार कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
विधायक अविनाश मंगलम ने आग्रह किया है कि जनहित को ध्यान में रखते हुए उक्त सड़क को ग्रामीण कार्य विभाग से हटाकर पथ निर्माण विभाग के अधीन किया जाए, ताकि उच्च मानकों के अनुसार इसका निर्माण और दीर्घकालिक रख-रखाव सुनिश्चित हो सके। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस निर्णय से क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी और जनता को बड़ी राहत मिलेगी।
