जन्म प्रमाण-पत्र जारी करने में मनमानी का आरोप, विधायक ने मंत्री से की कार्रवाई की मांग।

रानीगंज (अररिया)।
रानीगंज विधानसभा क्षेत्र के विधायक अविनाश मंगलम ने प्रखंड विकास पदाधिकारी, रानीगंज एवं संबंधित कर्मचारियों पर जन्म प्रमाण-पत्र निर्गत करने में मनमानी बरतने का गंभीर आरोप लगाया है। इस संबंध में उन्होंने ग्रामीण विकास विभाग/पंचायती राज विभाग के माननीय मंत्री को पत्र भेजकर उच्चस्तरीय जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।
विधायक ने अपने पत्र में कहा है कि सरकार द्वारा निर्धारित सभी नियमों व प्रक्रियाओं का पालन करने के बावजूद आवेदकों के आवेदन अनावश्यक रूप से लंबित रखे जा रहे हैं। इससे खासकर गरीब और ग्रामीण परिवारों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जन्म प्रमाण-पत्र के अभाव में बच्चों का विद्यालय नामांकन, सरकारी योजनाओं का लाभ और अन्य आवश्यक कार्य बाधित हो रहे हैं।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि आवेदन के नाम पर अनावश्यक दस्तावेजों की मांग की जा रही है, जैसे आंगनबाड़ी सेविका का प्रमाण, गवाह, अनुमंडल कार्यालय से शपथ-पत्र और यहां तक कि विद्यालय के प्रधानाध्यापक से लिखित प्रमाण। विधायक के अनुसार, इतनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद भी आवेदन लंबित रहना प्रशासनिक लापरवाही और अधिकारों के दुरुपयोग का प्रमाण है।
विधायक अविनाश मंगलम ने मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं कर्मचारियों पर विभागीय कार्रवाई की जाए, सरकार की गाइडलाइन का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराया जाए तथा रानीगंज प्रखंड में लंबित सभी जन्म प्रमाण-पत्र आवेदनों का समयबद्ध निष्पादन किया जाए। उन्होंने बताया कि इस पत्र की प्रतिलिपि मुख्यमंत्री सचिवालय को भी भेजी गई है।
