राज्य स्तरीय टीएलएम मेला 3.0 में कुमारी अनु साह सम्मानित।
रानीगंज (अररिया):
पटना स्थित State Council of Educational Research and Training (SCERT) में 11 मार्च को आयोजित दो दिवसीय राज्य स्तरीय टीएलएम मेला 3.0 में रानीगंज प्रखंड क्षेत्र के नव प्राथमिक विद्यालय जन्नत टोला की शिक्षिका कुमारी अनु साह को सम्मानित किया गया।
मेले का निरीक्षण करने पहुंचे प्राथमिक शिक्षा निदेशक विक्रम वीरकर ने उनके द्वारा तैयार किए गए टीएलएम (Teaching Learning Material) की सराहना की। जानकारी के अनुसार, जिले से विभिन्न स्तरों पर चयनित उत्कृष्ट टीएलएम को इस प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए राज्य स्तर पर भेजा जाता है।
कार्यक्रम की विशेषता शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार तथा कबाड़ से जुगाड़ कर टीएलएम का निर्माण करना रहा। राज्य स्तरीय टीएलएम मेले में बिहार के सभी जिलों के शिक्षक शामिल हुए। सभी प्रतिभागी शिक्षकों को मोमेंटो और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कुमारी अनु साह को मिले इस राज्य स्तरीय सम्मान से क्षेत्र में हर्ष का माहौल है। लोगों ने इसे गौरवपूर्ण उपलब्धि बताते हुए उन्हें बधाई दी है।
कार्यक्रम में प्राथमिक शिक्षा निदेशक विक्रम वीरकर, कार्यक्रम पदाधिकारी पटना (स्थापना) संजय कुमार, SCERT के निदेशक सहित कई शिक्षाविद उपस्थित थे।
ज्ञात हो कि उक्त शिक्षिका को हाल ही में जिला शिक्षा पदाधिकारी, अररिया द्वारा “टीचर ऑफ द मंथ” तथा Republic Day के अवसर पर “बेस्ट टीचर अवॉर्ड” से भी सम्मानित किया जा चुका है। इस उपलब्धि से विद्यालय और पूरे गांव में खुशी का माहौल है। सभी ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

