“475 अंक लाकर चमका किसान का बेटा: प्रशांत बना बिहार में 16वाँ, अब DM बनने का लक्ष्य”
रानीगंज/अररिया:सफलता क्लासेस, रानीगंज के निदेशक रजत रंजन के मार्गदर्शन में छात्र प्रशांत कुमार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 475 अंक प्राप्त कर पूरे बिहार में 16वाँ स्थान और अररिया ज़िले में तीसरा स्थान हासिल किया है। प्रशांत की इस उपलब्धि से क्षेत्र में खुशी की लहर है।

प्रशांत ने विशेष रूप से गणित विषय में उच्चतम 99 अंक हासिल कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। उनकी इस सफलता के पीछे कड़ी मेहनत, अनुशासन और शिक्षकों का मार्गदर्शन अहम रहा।

प्रशांत कुमार, कोक्षकापुर (उत्तर), थाना रानीगंज, जिला अररिया के निवासी हैं। इनके पिता चंदन कुमार साह एक किसान हैं, जबकि माता अंजना कुमारी जीविका से जुड़ी हैं। साधारण परिवार से आने वाले प्रशांत ने अपनी मेहनत के दम पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है।
उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा उच्च विद्यालय, कोशकापुर (उत्तर) से पूरी की और साथ ही सफलता क्लासेस में रहकर 10वीं की तैयारी की। प्रशांत अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और सभी शिक्षकगण को देते हैं।
परिवार में एक भाई और दो बहनों के बीच पले-बढ़े प्रशांत का सपना आगे चलकर जिलाधिकारी (DM) बनकर समाज की सेवा करना है।
उनकी यह सफलता न सिर्फ उनके परिवार, बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात है।
