रिपोर्ट – आदर्श कुमार
19 दिसंबर सुपौल
जिले के राजेश्वरी थाना क्षेत्र अंतर्गत कमल किशुनगंज वार्ड संख्या-13 में शुक्रवार सुबह एक युवक की हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान अरविंद साह के रूप में हुई है।प्राप्त जानकारी के अनुसार 19 दिसंबर 2025 को सुबह करीब 4:30 बजे राजेश्वरी थाना को अरविंद साह की हत्या की सूचना मिली।

सूचना मिलते ही थाना अध्यक्ष दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। जांच के दौरान पाया गया कि मृतक के कान के पास धारदार हथियार से वार कर गंभीर जख्म किया गया था, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।घटना की जानकारी मिलते ही शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सुपौल भेजा गया। प्रारंभिक जांच में हत्या का कारण आपसी विवाद बताया जा रहा है।मामले की गंभीरता को देखते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी त्रिवेणीगंज सहित अन्य वरीय पुलिस पदाधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और जांच के निर्देश दिए। घटनास्थल को सुरक्षित करते हुए एफएसएल टीम से साक्ष्य संकलन कराया गया है। साथ ही वैज्ञानिक अनुसंधान एवं तकनीकी सहयोग के लिए डीआईयू टीम को भी लगाया गया है।पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और जल्द ही दोषियों की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद से इलाके में दहशत का माहौल है।
