19 दिसंबर सुपौल,बलुआ बाजार
पुलिस कप्तान सरथ आरएस ने बुधवार की शाम ललितग्राम थाना का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान थाना परिसर में आयोजित जनसंपर्क कार्यक्रम के तहत उन्होंने स्थानीय लोगों से जनसंवाद स्थापित किया और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना।

एसपी ने समस्याओं के त्वरित निष्पादन का भरोसा दिलाया।जनसंवाद के दौरान एसपी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक के क्रम में उन्होंने थाना अध्यक्ष अंजलि कुमारी को नशा कारोबारियों और नशेड़ियों के खिलाफ सघन छापेमारी अभियान चलाने के निर्देश दिए। साथ ही मादक पदार्थों के कारोबार में संलिप्त लोगों की पहचान कर उनके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।एसपी ने क्षेत्र में सक्रिय उच्चकों, चोरी तथा अन्य आपराधिक गतिवि
धियों में लिप्त अपराधियों पर भी कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अपराधियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
निरीक्षण के दौरान थाना परिसर में चौकीदार परेड का भी आयोजन किया गया। परेड के क्रम में एसपी ने सभी चौकीदारों को अपने-अपने क्षेत्रों में होने वाली घटनाओं, संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियों तथा अवैध कार्यों की सूचना समय पर थाना अध्यक्ष को देने का निर्देश दिया। साथ ही पुलिस और आम जनता के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया।इसके अलावा एसपी ने थाना के अभिलेखों, कार्यप्रणाली और साफ-सफाई का भी जायजा लिया। मौके पर त्रिवेणीगंज डीएसपी विभाष कुमार, थाना अध्यक्ष अंजलि कुमारी सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद थे।
