Oplus_131072
रानीगंज (अररिया)।
रानीगंज–सरसी मुख्य मार्ग पर पिपरपाती के समीप शुक्रवार देर शाम एक तेज रफ्तार कार की टक्कर से बड़ा सड़क हादसा हो गया। दुर्घटना में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
मृतकों की पहचान रानीगंज प्रखंड के मझुवा पूरब पंचायत अंतर्गत लकुनमा गांव निवासी रमन कुमार ऋषिदेव (30), पिता गोपाल ऋषिदेव, तथा घोलटू मुखिया के रूप में हुई है। वहीं, गंभीर रूप से घायल युवक अखिलेश ऋषिदेव, पिता गोपाल ऋषिदेव, का इलाज चल रहा है।
घायल अखिलेश ऋषिदेव ने बताया कि वह अपने भाई रमन ऋषिदेव और घोलटू मुखिया के साथ स्प्लेंडर बाइक से रानीगंज से गांव लकुनमा लौट रहे थे। इसी दौरान पिपरपाती के पास अचानक एक तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे तीनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना मिलते ही रानीगंज पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को रानीगंज रेफरल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद रमन ऋषिदेव और घोलटू मुखिया को मृत घोषित कर दिया।
इस संबंध में रानीगंज थाना प्रभारी रवि रंजन ने बताया कि दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया की जा रही है। मामले की जांच जारी है और दुर्घटनाग्रस्त वाहन के संबंध में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
