रानीगंज प्रखंड क्षेत्र से भरगामा को जोड़ने वाली एनएच 327ई की मुख्य सड़क इन दिनों बदहाल स्थिति में है। बारिश के कारण सड़क पर जगह-जगह गहरे रेनकट बन गए हैं, जिससे इस मार्ग से गुजरने वाले वाहन चालकों और राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई स्थानों पर सड़क की सतह धंस गई है, जिससे हादसों की आशंका बनी रहती है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि एनएच होने के बावजूद सड़क की नियमित मरम्मत नहीं होने से स्थिति दिन-ब-दिन और गंभीर होती जा रही है। खासकर दोपहिया वाहन चालकों और साइकिल सवारों के लिए यह मार्ग जानलेवा साबित हो रहा है। रात के समय रेनकट स्पष्ट दिखाई नहीं देने से दुर्घटना की संभावना और बढ़ जाती है।
ग्रामीणों ने बताया कि रेनकट दिखाई नहीं देते, जिससे वाहन अचानक असंतुलित होकर पलट जाते हैं। आए दिन छोटे-बड़े हादसे हो रहे हैं, लेकिन संबंधित विभाग की ओर से अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
यह सड़क रानीगंज, भरगामा सहित आसपास के कई पंचायतों को जोड़ती है और प्रतिदिन इस मार्ग से स्कूली बच्चे, मरीज, किसान और व्यापारी आवागमन करते हैं। सड़क की बदहाली के कारण एंबुलेंस और अन्य आपातकालीन सेवाओं को भी आने-जाने में दिक्कत हो रही है।
स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने एनएच प्राधिकरण व प्रशासन से मांग की है कि रेनकट वाले स्थानों को अविलंब भरकर सड़क की मरम्मत कराई जाए, ताकि आवागमन सुरक्षित हो सके।
