मांगें पूरी नहीं होने पर रेल महाप्रबंधक से मिलेंगे युवा कांग्रेस के प्रदेश सचिव
24 दिसंबर सुपौल/गढ़ बरूआरी

बिहार प्रदेश युवा कांग्रेस के सचिव एवं जन संघर्ष समिति के अध्यक्ष लक्ष्मण कुमार झा ने सोमवार को अपने समर्थकों के साथ गढ़ बरूआरी रेलवे स्टेशन पहुंचकर रेल अधीक्षक के माध्यम से सात सूत्री मांगों का ज्ञापन सौंपा। इस दौरान उन्होंने रेल प्रशासन पर वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए कहा कि यदि जल्द मांगें पूरी नहीं हुईं तो वे हाजीपुर स्थित रेल महाप्रबंधक से मिलकर पूरे मामले से अवगत कराएंगे।लक्ष्मण कुमार झा ने बताया कि 15 तारीख को मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) द्वारा उन्हें आश्वासन दिया गया था कि गढ़ बरूआरी रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर पेयजल, शौचालय, बैठने की व्यवस्था तथा यात्री शेड के निर्माण का कार्य शीघ्र शुरू किया जाएगा, लेकिन करीब 15 दिन बीत जाने के बाद भी प्लेटफॉर्म पर किसी प्रकार का कार्य शुरू नहीं हुआ है।उन्होंने कहा कि डीआरएम द्वारा वैशाली एक्सप्रेस एवं जोगबनी एक्सप्रेस के ठहराव तथा स्टेशन पर आरक्षण काउंटर खोलने के लिए रेलवे बोर्ड को प्रस्ताव भेजने की बात कही गई थी। साथ ही पूर्व में स्वीकृत ओवरब्रिज के निर्माण कार्य को भी जल्द शुरू करने का भरोसा दिया गया था, लेकिन अब तक इन सभी मामलों में कोई प्रगति नहीं दिख रही है।लक्ष्मण कुमार झा ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि मंडल रेल प्रबंधक शीघ्र इन समस्याओं का समाधान नहीं करते हैं, तो वे रेल महाप्रबंधक, हाजीपुर से मिलकर वस्तुस्थिति से अवगत कराएंगे। इसके बावजूद भी मांगों पर विचार नहीं किया गया तो जन आंदोलन शुरू किया जाएगा।
इस मौके पर भुवन कुमार, शिवनंदन कुमार, रामकुमार, शिवम कुमार, अंशु कुमार झा, जयराम शाह, शंकर सिंह, शशि सिंह, मोहम्मद मुजिम, अखिलेश कुमार, राजू कुमार, चंचल कुमार सहित कई समर्थक उपस्थित थे।
