सुपौल में कड़ाके की ठंड, शीतलहर से जनजीवन प्रभावित,अलाव और गर्म कपड़ों की बढ़ी मांग, सुबह-शाम सड़कों पर सन्नाटा
26 दिसंबर सुपौल।

सुपौल जिले में लगातार बढ़ रही ठंड और शीतलहर ने आम जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। न्यूनतम तापमान में गिरावट के कारण सुबह और देर रात सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। घना कोहरा और ठंडी हवाओं ने लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं।ठंड से बचने के लिए लोग अलाव का सहारा ले रहे हैं। शहर के महावीर चौक, स्टेशन चौक, बेरो बाजार, नूनू पट्टी, बलहा बाजार सहित कई सार्वजनिक स्थानों पर लोग आग तापते नजर आए। गरीब, बुजुर्ग और दैनिक मजदूरों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।सुबह के समय स्कूल जाने वाले बच्चों और कामकाज के लिए निकलने वाले लोगों को भारी दिक्कत हो रही है। ठंड के कारण बाजारों में भी देर से चहल-पहल शुरू हो रही है। वहीं गर्म कपड़ों, कंबल और ऊनी वस्त्रों की मांग में अचानक बढ़ोतरी देखी जा रही है।मौसम विभाग के अनुसार आने वाले कुछ दिनों तक ठंड से राहत मिलने की संभावना कम है। ऐसे में जिला प्रशासन से मांग की जा रही है कि सार्वजनिक स्थानों पर अलाव की व्यवस्था बढ़ाई जाए और जरूरतमंदों के बीच कंबल का वितरण किया जाए।
डॉक्टरों ने भी ठंड को देखते हुए लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। विशेषकर बच्चों और बुजुर्गों को सुबह-शाम घर से बाहर निकलने से बचने, गर्म कपड़े पहनने और गरम पेय पदार्थों का सेवन करने की सलाह दी गई है।
रिपोर्ट – आदर्श कुमार
