भोड़हा पंचायत में सड़क निर्माण में अनियमितता, ग्रामीणों का प्रदर्शन।

स्थानीय ग्रामीण इबरार आलम, सोहराब, मुख्तार, उमर फारूक, मोहम्मद राउल सहित अन्य लोगों ने बताया कि 27 दिसंबर से सड़क निर्माण कार्य शुरू हुआ था। शुरुआत से ही संवेदक द्वारा उजला व घटिया किस्म का गिट्टी इस्तेमाल किया जा रहा था। ग्रामीणों की आपत्ति के बाद संवेदक के कर्मियों ने सही सामग्री उपयोग करने का आश्वासन दिया, लेकिन इसके बावजूद दोबारा घटिया गिट्टी का ही प्रयोग किया गया।
ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क की ढलाई भी मानक के अनुरूप नहीं की जा रही है। जहां ढलाई की मोटाई निर्धारित मानक के अनुसार होनी चाहिए, वहां मात्र तीन से चार इंच और बीच सड़क पर केवल दो से ढाई इंच ही ढलाई की जा रही है। इस संबंध में ग्रामीणों ने विभागीय अधिकारियों से शिकायत भी की थी। कनीय अभियंता द्वारा नापी किए जाने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी है।
ग्रामीणों ने कहा कि यह सड़क गांव की जीवनरेखा है, लेकिन बेहद कम मात्रा में सामग्री डालकर जैसे-तैसे सड़क बनाई जा रही है, जिससे भविष्य में इसके जल्द क्षतिग्रस्त होने की आशंका है।
इधर, मामले पर विधायक अविनाश मंगलम ने कहा कि उन्हें ग्रामीणों से सड़क निर्माण में अनियमितता की जानकारी मिली है। सड़क में बेहद घटिया किस्म की सामग्री का उपयोग किया जा रहा है, जो गंभीर मामला है। विधायक ने कहा कि सड़क की विभागीय जांच कराई जाएगी और दोषी पाए जाने वाले संवेदक या संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
