सरस्वती पूजा को लेकर रानीगंज थाना में डीजे संचालकों संग बैठक, जारी हुई सख्त गाइडलाइन।
डीजे संचालकों के साथ बैठक में थानाध्यक्ष व पुलिस निरीक्षक।

रानीगंज (अररिया): रविवार को रानीगंज थाना परिसर में सरस्वती पूजा को लेकर क्षेत्र के डीजे संचालकों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता पुलिस निरीक्षक सतीश कुमार सिंह एवं रानीगंज थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार ने की। इस दौरान सरस्वती पूजा के शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि वरीय अधिकारियों के निर्देशानुसार पूजा समिति को लाइसेंस लेना अनिवार्य होगा। साथ ही पूजा पंडाल एवं प्रतिमा विसर्जन के दौरान डीजे बजाने पर पूर्ण रूप से प्रतिबंध रहेगा। पूजा स्थल पर किसी भी प्रकार का बाजा रात्रि 10 बजे के बाद नहीं बजेगा।
पुलिस निरीक्षक सतीश कुमार सिंह ने कहा कि प्रतिमा विसर्जन के दौरान डीजे के कारण अक्सर विवाद की स्थिति उत्पन्न होती है, जिससे विधि-व्यवस्था प्रभावित होती है। इसी को ध्यान में रखते हुए पूजा स्थल और विसर्जन के दौरान डीजे संचालन से पूरी तरह बचने का निर्देश दिया गया है।
थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार ने कहा कि जारी गाइडलाइंस का उल्लंघन करने वाले डीजे संचालकों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। नियमों की अनदेखी करने पर डीजे जब्त करते हुए कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी से सरस्वती पूजा को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं कानून के दायरे में रहकर मनाने की अपील की।
बैठक में नेशनल डीजे, कृष्णा डीजे के सुमित कुमार, प्रीतम सिंघानिया, पवन मंडल, कंचन मंडल, चंदन मंडल, शिवम कुमार, संजीव कुमार, चंदन कुमार सहित क्षेत्र के दर्जनों डीजे संचालक उपस्थित रहे। सभी संचालकों ने प्रशासन को सहयोग करने और निर्देशों का पालन करने का आश्वासन दिया।
